हरदोई , मार्च 31 -- हरदोई जिले में समाजवादी पार्टी के नेता यदुनंदन लाल वर्मा की जेल से रिहाई के बाद हुए शक्ति प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए सपा नेता सहित भीम आर्मी के पदाधिकारियों समेत करीब 50 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है तथा एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि हिंदू देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी के मामले में गिरफ्तार किए गए सपा नेता यदुनंदन लाल वर्मा को सोमवार को न्यायालय से जमानत मिलने के बाद जिला कारागार से रिहा किया गया। रिहाई के बाद उनके समर्थकों और भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत जुलूस निकालकर किया, जो बाद में शक्ति प्रदर्शन में बदल गया।

समर्थकों द्वारा नारेबाजी करते हुए थाना कोतवाली शहर क्षेत्र स्थित अंबेडकर पार्क के पास सड़क जाम कर दी गई और माल्यार्पण व भाषणबाजी की गई। इस दौरान "जेल के ताले टूट गए" जैसे नारे लगाए गए, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित