प्रयागराज , सितंबर 16 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में हंडिया क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के जिला सचिव पवन यादव की हत्या का पुलिस ने बुधवार को खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में दो ने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस टीम पर गोलीबारी की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। घायल लल्ला यादव और नेहाल अली को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पवन यादव और विनोद यादव दोनों समाजवादी पार्टी से जुड़े थे। विनोद यादव की पत्नी के प्रधान का चुनाव जीतने के बाद दोनों के बीच विवाद हो गया था। विनोद की पत्नी शिक्षिका थीं और पवन यादव की आपत्ति के बाद उनकी नौकरी चली गई थी। इसके बाद दोनों के बीच रंजिश बढ़ गई। पुलिस का दावा है कि इसी विवाद के चलते विनोद यादव ने पवन यादव की हत्या की साजिश रची।
हत्या की जांच के दौरान पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मोबाइल लोकेशन के आधार पर नेहाल अली तथा लल्ला यादव को चिह्नित किया। पुलिस के मुताबिक, दोनों को पकड़ने के लिए दबिश के दौरान उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने इससे पहले विनोद यादव और बृजेश यादव को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, लल्ला यादव हिस्ट्रीशीटर है, जबकि बृजेश यादव के खिलाफ 45 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर हत्या में उनकी भूमिका और अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित