लखनऊ , मार्च 06 -- बहुजन समाज पार्टी (बसपा) संस्थापक कांशीराम की जयंती को समाजवादी पार्टी (सपा) की तरफ से 'पीडीए दिवस' के रूप में मनाने की घोषणा का जवाब देने की तैयारी बसपा ने कर ली है। कांशीराम की 92वीं जयंती पर 15 मार्च को लखनऊ में आयोजित जनसभा को पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती की तरफ से सम्बोधित करने की संभावना है। हालांकि अभी इसकी औपचारिक पुष्टि पार्टी की तरफ से नही की गई है।

15 मार्च को लखनऊ के मान्यवर कांशीराम स्मृति स्थल पर आयोजित भव्य कार्यक्रम के लिए पार्टी ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से "लखनऊ चलो" का आह्वान किया है। कार्यक्रम में प्रदेश के करीब 12 मंडलों से कार्यकर्ताओं और समर्थकों के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा नोएडा में भी एक अलग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें छह मंडलों के कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे।

वहीं पार्टी के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद उसी दिन राजस्थान के भरतपुर में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे जबकि इसके पूर्व कांशीराम की पुण्यतिथि पर मायावती लखनऊ में जनसभा को सम्बोधित कर चुकी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित