लखनऊ , सितंबर 18 -- उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में कई दलों और नेताओं को साथ जोड़ने के बावजूद सपा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता से नहीं हटा सकी। उन्होंने कहा कि सपा के सभी सामाजिक और राजनीतिक समीकरण विफल साबित हुए।

श्री मौर्य ने कहा कि वर्ष 2022 के चुनाव में सपा ने 'तीन-तिकड़म' करते हुए राष्ट्रीय लोकदल और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) से गठबंधन किया था तथा कई प्रभावशाली नेताओं को भी अपने साथ जोड़ा था। इसके बावजूद भाजपा सत्ता में वापसी करने में सफल रही।

उन्होंने कहा कि सपा के पास न कोई स्पष्ट दृष्टिकोण है और न ही विश्वसनीय नेतृत्व। जनता का भरोसा भी सपा पर नहीं है। ऐसे में इस बार भी जातीय समीकरणों और नारों के सहारे सत्ता हासिल करने की उसकी कोशिश सफल नहीं होगी।

उप मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की कोई भी राजनीतिक रणनीति तीसरी बार भी भाजपा की चुनावी स्थिति को नहीं बदल पाएगी।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की लगातार तीसरी बार सरकार बनना तय है और प्रदेश में एक बार फिर कमल खिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित