लखनऊ , जुलाई 22 -- समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पार्टी का 28 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को रामपुर जाकर मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय की स्थिति का जायजा लेगा।
जिला प्रशासन ने विश्वविद्यालय परिसर की 28 इमारतों को ध्वस्त करने के आदेश दिए हैं, जिसके बाद यह दौरा तय किया गया है। सपा ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल विश्वविद्यालय का दौरा करेगा।
प्रतिनिधिमंडल रामपुर के जिलाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेगा और विश्वविद्यालय में प्रस्तावित ध्वस्तीकरण की कार्रवाई रोकने की मांग करेगा। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल अपनी रिपोर्ट पार्टी के प्रदेश कार्यालय को सौंपेगा। श्री अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय की इमारतों पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई देश की शिक्षा व्यवस्था और संविधान में निहित शिक्षा के अधिकार की भावना के विपरीत है।
उन्होंने कहा कि इससे गरीब, पिछड़े और दलित वर्ग के विद्यार्थियों की शिक्षा प्रभावित होगी। उन्होंने दावा किया कि विश्वविद्यालय में देश और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से सभी धर्मों के हजारों छात्र-छात्राएं नाममात्र की फीस पर उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं और यदि विश्वविद्यालय को ध्वस्त किया गया तो गरीब, पिछड़े और दलित वर्ग के विद्यार्थियों का भविष्य अंधकारमय हो जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय के अलावा विधायक अजय सागर, नसीर अहमद खान, कमाल अख्तर, शाहिद मंजूर, अताउर्रहमान, अतुल प्रधान, पंकज कुमार मलिक, पिंकी सिंह, इकबाल महमूद और राम खिलाड़ी सिंह यादव सहित कुल 28 नेता शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित