पौड़ी , जुलाई 27 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत विकासखंड पाबौ के आंगनबाड़ी केंद्र सपलोड़ी में सोमवार को बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और समुचित विकास को सुनिश्चित करना रहा।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सात बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनका वजन और लंबाई मापी तथा उनके समग्र स्वास्थ्य का आकलन किया। इस दौरान चिकित्सकों ने अभिभावकों को बरसात के मौसम में बच्चों की विशेष देखभाल करने की सलाह दी। उन्होंने स्वच्छता बनाए रखने, सुरक्षित एवं स्वच्छ भोजन, संतुलित आहार तथा शुद्ध पेयजल के उपयोग पर विशेष जोर दिया।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने डायरिया सहित बरसाती मौसम में फैलने वाली बीमारियों से बचाव के उपाय भी बताए और कहा कि बच्चों में बीमारी के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए, ताकि समय रहते उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी चंद्रकांता काला, आरबीएसके के चिकित्सक डॉ. संजय उनियाल, एएनएम सुनीता बहुगुणा, फार्मासिस्ट रेखा रावत, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कुसुम, सहायिका और बच्चों के अभिभावकों ने सहभागिता की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित