मुंबई , अप्रैल 27 -- भारतीय दवा कंपनी सन फार्मा इसी क्षेत्र की अमेरिकी कंपनी ऑर्गानॉन का 3.99 अरब डॉलर में अधिग्रहण करेगी।
दोनों कंपनियों की संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि इस संबंध में पक्का समझौता हो गया है। यह अधिग्रहण सन फार्मा की एक पूर्ण स्वामित्व वाली विदेशी सहयोगी कंपनी के माध्यम से किया जायेगी। इस सौदे के तहत ऑर्गानॉन के शेयरधारकों को प्रति इक्विटी शेयर 14 डॉलर का भुगतान किया जायेगा।
इस घोषणा के बाद सन फार्मा का शेयर आज सात प्रतिशत चढ़कर 1,733 रुपये पर पहुंच गया।
ऑर्गानॉन का वर्तमान उद्यम मूल्यांकन 11.75 अरब डॉलर है। पिछले साल उसका राजस्व 6.2 अरब डॉलर और परिचालन लाभ 1.9 अरब डॉलर रहा था। कंपनी पर 31 दिसंबर 2025 को 8.6 अरब डॉलर का कर्ज था और उसके पास 57.4 करोडॉ डॉलर की नकदी थी।
इस अधिग्रहण के बाद सन फार्मा का राजस्व 12.4 अरब डॉलर पर पहुंच जायेगा और वह दुनिया की 25 सबसे बड़ी दवा कंपनियों में शामिल हो जायेगी। वह दुनिया की सातवीं सबसे बड़ी बायोसिमिलर कंपनी हो जायेगी जिसकी मौजूदगी 150 देशों में होगी।
दोनों कंपनियों के निदेशकमंडलों ने इस सौदे को मंजूरी प्रदान कर दी है। अब आवश्यक नियामकीय अनुमोदन प्राप्त करना तथा ऑर्गानॉन के शेयरधारकों की स्वीकृति मिलनी शेष है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित