प्रयागराज , जुलाई 31 -- उत्तर प्रदेश में पूर्व कैबिनेट मंत्री और भाजपा विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह ने दिल्ली संसद परिसर में सांसद पप्पू यादव द्वारा अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर साधु की वेशभूषा में बैठने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा है कि चंदा चोरी की घटना से सभी सनातनी आहत हैं। सरकार एसआईटी के जरिए इस मामले में एक्शन भी ले रही है। आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है जबकि ट्रस्ट से जुड़े कई लोगों का इस्तीफा भी हुआ है। ऐसे में पप्पू यादव पर भगवा कपड़ों में सनातन का अपमान और नाटक नौटंकी करना शर्मनाक है। सनातन का अपमान करने में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सपा मुखिया अखिलेश यादव भी शामिल हैं।
श्री सिंह ने कहा कि अहमदाबाद की शाही मस्जिद में जब 400 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग का मामला आया तो क्या इन्होंने टोपी पहनी थी। जब वक्फ बोर्ड की जमीन पर कब्जा किया जाता है। उस पर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी क्या करती हैं। उन्होंने विपक्षी दलों को सनातन का अपमान बंद करने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में सनातन के मानने वाले अब इन दलों का विरोध करेंगे। जनता ही अब सनातन के अपमान का बदला कांग्रेस और समाजवादी पार्टी से लेगी।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और सांसद पप्पू यादव को संसद की विशेषाधिकार समिति को नोटिस भी देना चाहिए।वहीं मौलाना जर्जिस के एक बार फिर से भगवान शिव को लेकर दिए गए विवादित बयान पर भी सिद्धार्थ नाथ सिंह ने सख्त बयान दिया है। उन्होंने मौलाना जर्जिस के बयान को घिनौनी हरकत करार दिया है। उन्होंने कहा है कि मौलाना के बयान से सांप्रदायिकता की बू आ रही है। उन्होंने कहा कि मौलाना सांप्रदायिक सौहार्द खराब करने का षडयंत्र कर रहा है।
पूर्व मंत्री ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि प्रदेश में योगी की सरकार है जो किसी भी तरह से धार्मिक उन्माद फैलाने का प्रयास करेगा। उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा है कि मौलाना जर्जिस अपने दिन गिनने शुरू कर दें,कि उनके ऊपर अब क्या कार्रवाई होने वाली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित