बारां , सितम्बर 20 -- राजस्थान में बारां के सनातन अखाड़ा समिति ने कहा है कि आगामी डोल उत्सव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं।
समिति के नवनिर्वाचित अध्यक्ष चंदन सिंह महाराजा ने रविवार को पत्रकारों को बताया कि शहर के सभी अखाड़ों ने सर्वसम्मति से सनातन अखाड़ा समिति के नेतृत्व को स्वीकार किया है। समिति का उद्देश्य सभी अखाड़ों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को मजबूत करना है। समिति व्यापारियों एवं सामाजिक संगठनों के सहयोग से सौहार्दपूर्ण वातावरण में अखाड़ों के शक्ति प्रदर्शन को सुनिश्चित करेगी।
उन्होंने कहा कि आराध्य देव के विमानों की अगवानी के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इस बार ऊंट सवारी और कांच के करतब पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। समिति का प्रयास रहेगा कि शहरवासियों एवं श्रद्धालुओं की आस्था के अनुरूप डोल शोभायात्रा की व्यवस्थाएं सुचारु रहें और जलवा पूजन निर्धारित समय पर संपन्न हो।
उन्होंने बताया कि शोभायात्रा के दौरान बेहतर सामंजस्य और समिति के सदस्यों की पहचान के लिए ड्रेस कोड भी जारी किया गया है। समिति के सभी सदस्य पीले रंग की टी-शर्ट पहनेंगे, जिस पर 'सनातन अखाड़ा समिति बारां' अंकित रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित