लंदन , अगस्त 08 -- द हंड्रेड (महिला) के 24वें मुक़ाबले में दीप्ति शर्मा के तीन झटकों और फ़ीबि लिचफ़ील्ड के अर्धशतक से सनराइज़र्स लीड्स ने बर्मिंघम फ़ीनिक्स को हराते हुए सीज़न की अपनी तीसरी जीत हासिल कर ली। इस जीत के साथ ही सनराइज़र्स ने ख़ुद को टूर्नामेंट में जीवित रखा है।
टॉस जीतकर सनराइज़र्स ने पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया था और केट क्रॉस के शुरुआती दो झटकों से फ़ीनिक्स पर दबाव बन गया था। फ़ीनिक्स को पहला झटका कैसिडी मक्कार्थी ने डेविना पेरिन के रूप में दिया था और तब तक फ़ीनिक्स का ख़ाता भी नहीं खुला था। इसके बाद क्रॉस ने एलिस कैप्सी और टेमी बोमॉन्ट को पवेलियन का रास्ता दिखाया और फ़ीनिक्स के 26 के स्कोर पर तीन विकेट गिर गए।
हालांकि इसके बाद कप्तान एलिस पेरी और एमा लैंब के बीच साझेदारी पनप गई लेकिन जेस जॉनासन ने पेरी को लिचफ़ील्ड के हाथों कैच आउट कराया और दीप्ति ने संघर्ष कर रहीं अनरी डर्कसन का शिकार करते हुए फ़ीनिक्स की आधी टीम को 89 के स्कोर पर पवेलियन लौटा दिया।
लैंब अभी भी एक छोर पर डटी हुई थीं और उनके ऊपर फ़ीनिक्स की पारी को अच्छा अंजाम देने की ज़िम्मेदारी थी। लेकिन दूसरे छोर पर कोई भी बल्लेबाज़ लैंब का ज़्यादा साथ नहीं दे सकीं।
एनाबेल सदरलैंड ने जेमिमा स्पेंस का शिकार किया और दीप्ति ने फ़ातिमा सना और अलाना किंग को पवेलियन लौटाया। हालांकि लैंब फ़ीनिक्स के स्कोर को 100 के पार ले गईं लेकिन 47 के निजी स्कोर पर वह रन आउट हो गईं और अंत में फ़ीनिक्स ने नौ विकेट के नुक़सान पर 107 रन बना लिए।
लक्ष्य उतना बड़ा नहीं था लेकिन सना ने ब्रायोनी स्मिथ के रूप में सनराइज़र्स को 24 के स्कोर पर पहला झटका दिया। हालांकि गेंदबाज़ी में यह फ़ीनिक्स के लिए एकमात्र ख़ुशी का पल साबित हुआ और इसके बाद लिचफ़ील्ड ने लॉरेन विनफ़ील्ड हिल के साथ मिलकर सनराइज़र्स को तीसरी जीत दिलाकर ही दम लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित