बैतूल , मई 18 -- मध्यप्रदेश में बैतूल शहर के सदर बाजार क्षेत्र में मोबाइल चोरी की कोशिश के दौरान एक नाबालिग को लोगों ने पकड़ लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक अन्य युवक को भी हिरासत में लिया है। पुलिस को आशंका है कि दोनों किसी संगठित मोबाइल चोरी गिरोह से जुड़े हो सकते हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार रविवार को सदर काफी हाउस के पास बाजार में भारी भीड़ थी। इसी दौरान कुछ नाबालिग लड़के बिना खरीदारी किए भीड़ के बीच घूमते दिखाई दिए। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर स्थानीय लोगों ने उन पर नजर रखी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मौका मिलते ही एक नाबालिग ने भीड़ का फायदा उठाकर एक व्यक्ति का मोबाइल चुराने का प्रयास किया, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को थाने ले गई।
कोतवाली थाना प्रभारी देवकरण डहरिया ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में नाबालिग ने स्वीकार किया कि चोरी के तुरंत बाद उसने मोबाइल अपने एक बड़े साथी को सौंप दिया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर दूसरे युवक को भी हिरासत में लिया है, जो स्वयं को झारखंड का निवासी बता रहा है। उससे पूछताछ की जा रही है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार सदर बाजार और कोठीबाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में पहले भी मोबाइल चोरी की घटनाएं सामने आती रही हैं। व्यापारियों ने बाजार के दिनों में अतिरिक्त पुलिस बल और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे गिरोह इटारसी, नागपुर और अन्य शहरों से बाजार वाले दिन बैतूल पहुंचते हैं। इनमें महिलाएं और नाबालिग भी शामिल रहते हैं, जो भीड़ का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम देते हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित