रायपुर , मई 20 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सदर बाजार स्थित मनोहरमल एंड कंपनी ज्वैलर्स में करीब दो करोड़ रुपए मूल्य के सोने के जेवर गायब होने का मामला बुधवार को सामने आया है।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार कारोबारी की शिकायत पर शोरूम के कर्मचारी सूरज साहू के खिलाफ गबन का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र की है।
पुलिस के अनुसार, मनोहरमल एंड कंपनी के संचालक सुरेश भंसाली ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनके यहां पिछले 16 वर्षों से कार्यरत कर्मचारी सूरज साहू को प्रतिदिन डिस्प्ले में रखे गए सोने के जेवर वापस लॉकर में सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। आरोप है कि गत नौ अप्रैल को दुकान बंद होने के दौरान उसने जेवर लॉकर में जमा करने के बजाय अपने पास रख लिए।
मामले का खुलासा 13 अप्रैल को स्टॉक मिलान के दौरान हुआ, जब दुकान के रिकॉर्ड और उपलब्ध आभूषणों में अंतर पाया गया। जांच में कुल 1495 ग्राम 670 मिलीग्राम सोना गायब मिला। इसके बाद शोरूम प्रबंधन ने कर्मचारियों से पूछताछ की, लेकिन कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने पर सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई गई।
फुटेज में शाम लगभग चार बजकर 21 मिनट पर कर्मचारी सूरज साहू सोने के जेवर अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दिया। चोरी हुए जेवरों में विभिन्न डिजाइन और श्रेणी के आभूषण शामिल बताए गए हैं। बाजार मूल्य के आधार पर गायब सोने की कीमत करीब दो करोड़ रुपए आंकी गई है।
पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने आरोपी कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने एक संदेही को हिरासत में लिया है और फरार आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले की जांच सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जारी है।
कोतवाली निरीक्षक सतीश सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं तथा जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित