नयी दिल्ली , सितंबर 06 -- दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के पास सत्य निकेतन में इमारत ढहने की घटना के बाद कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।
श्री हुड्डा के साथ हरियाणा और दिल्ली विश्वविद्यालय की एनएसयूआई टीम के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। श्री उन्होंने कहा कि सत्य निकेतन में इमारत ढहने की घटना बेहद दिल दहला देने वाली है। उन्होंने कहा कि इमारत में रहने वाले अधिकतर लोगों में छात्र होने की जानकारी है और उनके मलबे में दबे होने की खबर से मन विचलित है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं एनएसयूआई के साथियों के साथ घटनास्थल पर मौजूद हैं। एनएसयूआई कार्यकर्ता और दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र राहत एवं बचाव कार्यों में प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं।
उन्होंने सरकार और प्रशासन से बचाव अभियान को युद्ध स्तर पर तेज करने की अपील करते हुए कहा कि एक-एक पल बेहद कीमती है और हर छात्र एवं नागरिक को सुरक्षित निकालना प्राथमिकता होनी चाहिए।
गौरतलब है कि हादसे की सूचना मिलते ही एनएसयूआई के कार्यकर्ता घटनास्थल पर पहुंच गए थे और राहत-बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित