नयी दिल्ली , सितंबर 09 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने सत्य निकेतन में पीजी छात्रावास की इमारत ढहने से जान गंवाने वाले पांच छात्रों के परिवारों को 2-2 करोड़ रुपये तथा घायलों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है।
श्री यादव ने कहा कि हादसे में अभिषेक, युवराज सोनी, पवन, अर्पित जाज और अक्षत सिंह यादव की मौत हुई है। उन्होंने मजदूर और स्थानीय वृद्ध की मौत पर भी उनके परिवारों को 2-2 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि कोई भी मुआवजा परिवारों के दर्द और अपूरणीय क्षति की भरपाई नहीं कर सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार और लापरवाही के कारण छात्रों की जान गयी। दिल्ली विश्वविद्यालय में बड़ी संख्या में बाहर से आने वाले छात्र निजी पीजी में रहने को मजबूर हैं, क्योंकि विश्वविद्यालय में पर्याप्त छात्रावास उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर छात्रों के लिए सुरक्षित पीजी आवास की व्यवस्था नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार अब विशेष पीजी नीति बनाने की बात कर रही है।
श्री यादव ने दिल्ली सरकार और विश्वविद्यालय से छात्रावास सुविधाओं को प्राथमिकता देने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित