वाराणसी , सितंबर 21 -- श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास एवं श्री काशी विश्वनाथ विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद के नवनियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी सत्यम मिश्र ने रविवार को विधिवत पदभार ग्रहण किया।

पदभार ग्रहण करने से पूर्व श्री मिश्र ने सपरिवार काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन किए और विधि-विधानपूर्वक पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

पदभार ग्रहण के अवसर पर मंदिर न्यास एवं विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। श्री मिश्र ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा सभी का अभिवादन स्वीकार किया। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से समन्वय के साथ कार्य करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम दर्शन, व्यवस्थाओं की गुणवत्ता और श्री काशी विश्वनाथ धाम की गरिमा के अनुरूप कार्यों को प्राथमिकता देने पर बल दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित