बागपत , अगस्त 3 -- पूर्व राज्यपाल एवं प्रखर किसान नेता स्वर्गीय सत्यपाल मलिक की पहली पुण्यतिथि पांच अगस्त को उत्तर प्रदेश में बागपत के उनके पैतृक गांव हिसावदा में 'किसान सम्मान दिवस' के रूप में मनाई जाएगी।
कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। किसान संगठनों, खाप प्रतिनिधियों, पंचायतों के जनप्रतिनिधियों और सर्वसमाज से बड़ी संख्या में पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की गई है।
पूर्व राज्यपाल के निजी सहायक रहे कुंवर सिंह राणा ने बताया कि श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन स्वर्गीय बलजीत सिंह क्रिकेट स्टेडियम में होगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे वैदिक यज्ञ से होगी। इसके बाद सुबह 10 बजे पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी, इसके बाद श्रद्धांजलि सभा आयोजित होगी, जिसमें किसान हितों और स्वर्गीय सत्यपाल मलिक के सार्वजनिक जीवन पर विचार रखे जाएंगे।
आयोजकों ने आमंत्रण पत्र के माध्यम से स्वर्गीय सत्यपाल मलिक को किसानों की बुलंद आवाज, बेबाक जननेता और सच्चा जनसेवक बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया है। आयोजकों का दावा है कि बागपत सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में किसान, सामाजिक संगठन और गणमान्य लोग कार्यक्रम में शामिल होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित