जयपुर , अक्टूबर 01 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती (दो अक्टूबर) पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि इस मौके सभी को सत्य, अहिंसा और सादगी के आदर्शों को जीवन में उतारने का संकल्प लेना चाहिए।

श्री शर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा, त्याग और सत्याग्रह के माध्यम से देश को स्वतंत्रता की राह दिखाई। उनका जीवन और विचार आज भी पूरी मानवता के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। गांधीजी ने स्वच्छता, स्वदेशी, ग्राम स्वराज और आत्मनिर्भरता के माध्यम से सशक्त एवं स्वावलंबी भारत का मार्ग प्रशस्त किया।

उन्होंने कहा कि श्री शास्त्री का जीवन सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की मिसाल है। उन्होंने विषम परिस्थितियों में राष्ट्र की एकता, अखंडता और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका 'जय जवान, जय किसान' का मंत्र आज भी देश के विकास और सुरक्षा की आधारशिला है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित