पटना , फरवरी 22 -- राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तथा बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने रविवार को कहा कि सत्ता में बैठे हुए लोग बाबा साहब के संविधान को खत्म करने की साजिश में लगे हुए हैं।
श्री यादव आज रविदास चेतना मंच की तरफ से आयोजित संत शिरोमणि गुरू रविदास के राज्य स्तरीय 649 वें जंयती समारोह में शामिल हुए और कहा कि राजद ने हमेशा अपने पुरखों को सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि लालू जी ने पुरखों के विचारों के आधार पर समाज को आगे बढ़ाने का काम किया, जबकि भाजपा के लोग गोडसे और गोवलकर की नीतियों पर चलकर समाज में नफरत बढ़ाने का काम कर रहे हैं और देश में बाबा साहब के संविधान को कमजोर करने में लगे हुए हैं।
राजद नेता ने कहा कि महागठबंधन सरकार ने 65 प्रतिशत आरक्षण को नवमीं अनुसूची में शामिल कराने के लिए बिहार कैबिनेट से प्रस्ताव भेजा था, लेकिन भाजपा ने इस पर पेंच फंसा दिया और आरक्षण व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि 65 प्रतिशत आरक्षण को न्यायिक मामलों में फंसा कर भाजपा और नीतीश सरकार ने लगभग 16 प्रतिशत आरक्षण लोगों को वंचित रखा है।
श्री यादव ने कहा कि उनकी पार्टी बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर, संत रविदास और संत कबीर के विचारों को स्कूलों के सिलेबस में शामिल करवाने के लिए सरकार पर दबाव बनाएगी और इसके लिए सदन के अंदर और बाहर आवाज़ बुलंद की जायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित