चंडीगढ़ , सितंबर 07 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने आम आदमी पार्टी (आप ) और मुख्यमंत्री भगवंत मान पर आरोप लगाया कि 2016 के नाभा जेलब्रेक मामले से जुड़े गुरप्रीत सिंह सेखों का पार्टी में स्वागत करना और मुख्यमंत्री द्वारा उनका सम्मान किया जाना सत्ता के लिए राजनीतिक समझौते को दर्शाता है।
श्री वडिंग ने सोमवार को सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में कहा कि 2016 में नाभा जेलब्रेक की घटना पर तत्कालीन दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इसे ''कानून-व्यवस्था का पूरी तरह चरमरा जाना'' बताया था। उन्होंने आरोप लगाया कि दस साल बाद उसी मामले से जुड़े गुरप्रीत सिंह सेखों का आप में स्वागत किया गया और मुख्यमंत्री मान ने उन्हें सरोपे से सम्मानित किया।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि ''दस साल में सेखों के अपराध कम नहीं हुए, बल्कि भगवंत मान की सत्ता की लालसा बढ़ गई है।'' श्री वडिंग ने कहा कि सत्ता में बने रहने के लिए आप और श्री मान किसी भी हद तक जा सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी की ''साम, दाम, दंड, भेद'' की राजनीति का यह उदाहरण है और अब उसे गैंगस्टर से जुड़े व्यक्ति का हाथ थामने में भी कोई संकोच नहीं है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता के सामने आप का ''असली चेहरा'' सामने आ रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित