पटियाला , अक्टूबर 30 -- शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने शुक्रवार को घोषणा की कि उनकी पार्टी की अगली सरकार बनने पर उद्योगों को पांच रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली दी जाएगी। इसके अलावा बिल्डरों को समयबद्ध मंजूरी देने के लिए 'बिल्ड पंजाब' नाम से नया विभाग बनाया जाएगा और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) क्षेत्र में निवेश को प्राथमिकता दी जाएगी।

पटियाला में व्यापारियों और उद्योगपतियों के साथ संवाद के दौरान श्री बादल ने कहा कि पंजाब में 10 से 12 रुपये प्रति यूनिट बिजली दर के कारण उद्योगों का संचालन मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि उद्योगपतियों को अपने सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने की अनुमति भी दी जाएगी, जिससे बिजली की लागत घटकर 1.50 रुपये प्रति यूनिट तक आ सकती है। उन्होंने कहा कि पिछली शिअद सरकार ने नए निवेश को समयबद्ध मंजूरी देने के लिए 'इन्वेस्ट पंजाब' विभाग बनाया था। इसी तर्ज पर अगली सरकार 'बिल्ड पंजाब' विभाग गठित करेगी, जो बिल्डरों को एक महीने के भीतर सभी आवश्यक मंजूरियां देने के लिए जिम्मेदार होगा। उन्होंने कहा कि भूमि उपयोग परिवर्तन (सीएलयू) शुल्क घटाया जाएगा और इसकी मंजूरी की प्रक्रिया पारदर्शी बनाई जाएगी। अनियमित कॉलोनियों के लिए एकमुश्त निपटान योजना भी लाई जाएगी।

शहर में बीपीओ स्थापित करने वाले हरप्रीत सिंह के सवाल के जवाब में श्री बादल ने कहा कि नई आईटी नीति लाई जाएगी, जिसके तहत डाटा सेंटर स्थापित करने और राज्य में एआई क्षेत्र को बढ़ावा देने पर जोर होगा। अमृतसर और मोहाली को आईटी केंद्रों के रूप में विकसित करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि अगली शिअद सरकार दुधारू पशुओं की खरीद पर 75 प्रतिशत सब्सिडी देगी और दूध में मिलावट करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 307 लगाने का प्रावधान करेगी। उन्होंने सरकारी कामकाज में कागजी प्रक्रिया घटाने के लिए स्व-प्रमाणन व्यवस्था लागू करने और सभी मंजूरियों को ऑनलाइन करने का भी वादा किया, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

श्री बादल ने कहा कि खाद्यान्न खरीद के दौरान आढ़तियों का 2.5 प्रतिशत कमीशन रोके जाने का मुद्दा भी उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि छोटे परिवहन कारोबारियों से चार साल का कर अग्रिम वसूलने की शिकायतों पर विचार किया जाएगा। केमिस्ट दुकानदारों को परेशान नहीं किया जाएगा और ऑनलाइन मंचों के माध्यम से नशे की लत डालने वाली दवाओं की बिक्री संबंधी उनकी शिकायतों पर भी ध्यान दिया जाएगा।

पटियाला के अलावा समाना और शुतराणा में भी व्यापारियों और उद्योगपतियों के साथ संवाद के दौरान उन्होंने कहा कि नशे के कारण अपराध और हिंसा बढ़ने की शिकायतें मिली हैं। उन्होंने वादा किया कि अगली शिअद सरकार नशा अपराधों के आरोपियों को 10 साल तक जमानत नहीं मिलने का प्रावधान करने वाला कानून लाएगी और उनकी संपत्तियां जब्त करेगी। सुखबीर बादल ने व्यापार और उद्योग जगत से शिअद के पिछले दस साल के शासन की तुलना कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के शासन से करने की अपील की। उन्होंने पंजाब के लिए प्रगतिशील नेतृत्व चुनने का आह्वान करते हुए शिअद को समर्थन देने की अपील की। संवाद कार्यक्रमों में शिअद के पटियाला ग्रामीण हलका प्रभारी जसपाल सिंह बिट्टू च_ठा, समाना हलका प्रभारी जगमीत सिंह हरियाऊ और शुतराणा हलका प्रभारी कबीर दास भी शामिल हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित