तिरुवनंतपुरम , जून 24 -- केरल में शराब पर टैक्स घटाने के फैसले को लेकर मचे सियासी घमासान के बीच पूर्व मुख्यमंत्री एवं मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नेता पिनाराई विजयन ने ट्वीट कर नवनियुक्त संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार और मुख्यमंत्री वीडी सतीशन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाये हैं।

श्री विजयन ने इस फैसले को जनता के साथ धोखा बताते हुए कहा कि सरकार ने आम लोगों के बजाय शराब निर्माता कंपनियों के हितों को प्राथमिकता दी है।

विपक्ष के नेता ने 'एक्स' पर कहा, ''सत्ता संभाले अभी बमुश्किल एक महीना ही हुआ है और यूडीएफ सरकार एक बड़े भ्रष्टाचार घोटाले की छाया में घिर गयी है।" उन्होंने मुख्यमंत्री वीडी सतीशन के शराब पर टैक्स 251 प्रतिशत से घटाकर 120 फीसदी करने के फैसले को महज एक नीतिगत बदलाव नहीं, बल्कि राज्य की जनता के साथ विश्वासघात करार दिया।

मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए माकपा नेता ने आरोप लगाया, "जो फाइलें पिछले तीन वर्ष से ठंडे बस्ते में पड़ी थीं, उन्हें शराब माफियाओं को फायदा पहुंचाने के लिए महज कुछ ही घंटों के भीतर जल्दबाजी में मंजूरी दे दी गयी।"उन्होंने दावा किया कि इस पूरी प्रक्रिया में मुख्यमंत्री ने खुद के आबकारी मंत्री तक को दरकिनार कर दिया।

श्री विजयन ने कहा कि यूडीएफ सरकार ने इस फैसले से अपनी प्राथमिकताएं साफ कर दी हैं कि उसे केरल की जनता की भलाई से ज्यादा कॉरपोरेट मुनाफे की चिंता है। उन्होंने चेतावनी दी कि एलडीएफ इस कॉरपोरेट सौदेबाजी को बर्दाश्त नहीं करेगा और हर स्तर पर इस नीति का पर्दाफाश करते हुए इसके खिलाफ पुरजोर लड़ाई लड़ेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित