चेन्नई , जुलाई 03 -- तमिलनाडु में सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) के विधायकों को रिश्वत का प्रलोभन देकर पार्टी बदलने के आरोप में छह और लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिससे गिरफ्तार लोगों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है।

उल्लेखनीय है कि तमिलनाडु विधानसभा में अध्यक्ष के खिलाफ लाए जाने वाले प्रस्ताव के दौरान पाला बदलने और प्रस्ताव के खिलाफ वोट करने के लिए सत्तारूढ़ टीवीके के एक विधायक को 35 करोड़ रुपये की रिश्वत की पेशकश की गई। इसमें द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) के मंत्री वी. सेंथिल बालाजी के भाई वी. अशोक कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) अधिनियम की विभिन्न धाराओं और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।

पुलिस ने बुधवार को एक मामला दर्ज करते हुए शुरुआत में तीन लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनमें एक यूट्यूबर भी शामिल था। उसने मामले में बिचौलिए की भूमिका निभाई थी। अब पुलिस ने बुधवार की रात से छह और लोगों को गिरफ्तार करके जांच का दायरा बढ़ा दिया है। यह विवाद टीवीके के उथंगराई विधायक डॉ. एन इलैयाराजा के आरोप से शुरू हुआ, जिसमें उन्होंने यूट्यूबर थिरुनावुक्कारासु के उनसे संपर्क करने की बात कही और पाला बदलने के लिए उन्हें 35 करोड़ रुपये की रिश्वत की पेशकश की, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया। इसके बाद उन्हें और उनके परिवार को धमकियां मिलने लगीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित