हनुमानगढ़ , अक्टूबर 05 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ के टाउन थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो अलग कार्रवाईयों में कुल 17हजार प्रतिबंधित नशीली टेबलेट और कैप्सूल जब्त करके तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जब्त माल की अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये बतायी गयी है।
पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने सोमवार को बताया कि हनुमानगढ़ टाउन पुलिस ने दो कार्रवाइयां कीं। दोनों में मिलाकर 12 हजार प्रेगाबालिन कैप्सूल, चार हजार टैपेंटाडोल टेबलेट और एक हजार प्रेगाबालिन कैप्सूल बरामद हुए। पहली कार्रवाई में गश्त के दौरान रोही चक 14 केएसपी से पुलिस ने मनीष मेघवाल (21) को 12 हजार प्रतिबंधित प्रेगाबालिन कैप्सूल ले जाते दबोंचा।
दूसरी कार्रवाई के तहत रावतसर-हनुमानगढ़ मार्ग पर पुलिस चौकी शेरगढ़ के पास गश्त के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो आरोपी पकड़े गए। उनसे चार हजार प्रतिबंधित टैपेंटाडोल टेबलेट और एक हजार प्रेगाबालिन कैप्सूल बरामद हुए। उनकी पहचान रजतकुमार नायक (21) और प्रदीपकुमार उर्फ कालू कुम्हार (28) के रूप में हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित