चंडीगढ़ , अगस्त 02 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर महिलाओं के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाते हुए कहा कि 'मांवां-धीयां सत्कार योजना' केवल दिखावा है, जबकि अपने अधिकारों की मांग करने वाली महिलाओं पर पुलिस लाठीचार्ज कर रही है।
रविवार को जारी बयान में श्री ढिल्लों ने कहा कि एक ओर सरकार महिलाओं को सम्मान देने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर शांतिपूर्ण ढंग से अपने अधिकारों की मांग कर रही महिलाओं पर पुलिस बल का प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सरकार के वास्तविक चेहरे को उजागर करता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि खन्ना में मनरेगा महिला श्रमिकों पर उनके अधिकारों की मांग को लेकर लाठीचार्ज किया गया। बरनाला में महिला सफाई कर्मियों पर कथित रूप से बर्बर हमला किया गया, जिसमें कई महिलाओं के सिर फूटे और हाथ-पैर टूट गये। उन्होंने दावा किया कि संगरूर में भी महिलाओं के खिलाफ हिंसा की घटनाएं सामने आयी हैं।
श्री ढिल्लों ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने वादा किया था कि 18 वर्ष से अधिक आयु की प्रत्येक महिला को बिना किसी शर्त योजना का लाभ मिलेगा, लेकिन सरकार ने साढ़े चार वर्ष तक महिलाओं को इंतजार कराने के बाद योजना शुरू की और उसमें भी कई शर्तें लगा दीं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने साढ़े चार वर्षों का बकाया भुगतान करने के बजाय केवल तीन महीने की राशि जारी कर महिलाओं को गुमराह करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि यह महिलाओं के साथ धोखा है।
श्री ढिल्लों ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार लगातार योजना के लाभार्थियों की संख्या बदलती रही है। पहले 40 लाख महिलाओं को लाभ देने का दावा किया गया, फिर यह संख्या 36 लाख बतायी गयी और अब इसे 32 लाख तक सीमित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार के अपने आंकड़े बताते हैं कि आज भी 50 प्रतिशत से अधिक पात्र महिलाएं योजना के दायरे से बाहर हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब की माताएं-बहनें और राज्य की जनता आप सरकार से पिछले पांच वर्षों के कामकाज का हिसाब मांग रही हैं। उन्होंने दावा किया कि महिलाओं के साथ हुए कथित अन्याय और अत्याचार का जवाब जनता आगामी चुनाव में देगी और आप सरकार को सबक सिखाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित