चंडीगढ़ , अगस्त 29 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद तथा पंजाब पार्टी प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया सोमवार से दो सितंबर तक पंजाब के तीन दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर रहेंगे।
पंजाब भाजपा के प्रदेश महासचिव अनिल सरीन ने शनिवार को बताया कि दौरे के दौरान डॉ. पूनिया प्रदेश नेतृत्व और विभिन्न संगठनात्मक टीमों के साथ बैठकों में पार्टी की गतिविधियों की समीक्षा करेंगे तथा पंजाब में संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे।
दौरे की शुरुआत 31 अगस्त को चंडीगढ़ से होगी। डॉ. पूनिया सेक्टर 37-ए स्थित भाजपा पंजाब कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह प्रदेश सोशल मीडिया टीम, प्रदेश आईटी टीम, प्रदेश मीडिया टीम तथा प्रदेश कोर कमेटी के साथ बैठक करेंगे।
एक सितंबर को डॉ. पूनिया जालंधर जाएंगे, जहां वह प्रधानमंत्री सेवा संकल्प अभियान पर आयोजित कार्यशाला में हिस्सा लेंगे। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों, जिला प्रभारियों एवं सह-प्रभारियों तथा प्रदेश महासचिवों के साथ बैठक करेंगे। दो सितंबर को राज्य प्रभारी जालंधर में संगठनात्मक पदाधिकारियों के साथ अनौपचारिक बैठकें करेंगे। इसके बाद वह अमृतसर पहुंचेंगे, जहां भाजपा कार्यालय का दौरा करने के बाद दुर्गियाना मंदिर और श्री हरमंदिर साहिब में दर्शन करेंगे।
श्री सरीन ने कहा कि डॉ. पूनिया का यह दौरा पंजाब भाजपा के नेतृत्व और संगठनात्मक टीमों के लिए महत्वपूर्ण है। इससे उन्हें राज्य प्रभारी का मार्गदर्शन प्राप्त करने तथा संगठन को हर स्तर पर और मजबूत करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि पंजाब भाजपा मजबूत, अनुशासित और सक्रिय संगठन के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है, जो पंजाब के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के साथ राज्य की जनता की सेवा के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित