जयपुर , अक्टूबर 08 -- राजस्थान के अजमेर जिले की बांदरसिंदरी थाना पुलिस ने वर्ष 1999 से फरार चल रहे एक ईनामी भगोड़े को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
पुलिस के अनुसार बांदरसिंदरी थानाधिकारी बन्ना लाल जाट के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी सहायता की मदद से 27 वर्षों से फरार 15 हजार रुपये के ईनामी आरोपी कुंदन सिंह उर्फ कुशल सिंह निवासी जिला अल्मोड़ा/बागेश्वर, उत्तराखंड को हल्द्वानी (नैनीताल, उत्तराखंड) से दबोच लिया।
घटनाक्रम के अनुसार 11 नवंबर 1999 को परिवादी मोहन सिंह (टैंकर चालक) ने थाना बांदरसिंदरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मथुरा से जामनगर के लिए टैंकर ले जाते समय बांदरसिंदरी स्थित एक होटल पर वह अपने खलासी कुंदन सिंह को टैंकर सौंपकर निजी काम से घर गया था। वापस लौटने पर आरोपी खलासी कुंदन सिंह टैंकर का 'हॉर्स' (ट्रक का मुख्य भाग), वाहन के कागजात और परिवादी का आई-कार्ड चोरी करके फरार हो गया था।
घटना के बाद से ही लगातार पहचान बदलकर गिरफ्तारी से बच रहे आरोपी को पुलिस अधीक्षक अजमेर द्वारा भगोड़ा घोषित कर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था, जिसे अब उत्तराखंड से गिरफ्तार कर लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित