चंडीगढ़ , सितंबर 24 -- हरियाणा सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को प्रदेश सचिवालय से 'सतर्क-हरियाणा' मोबाइल ऐप लॉन्च किया।

ऐप के जरिए नागरिक भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत और सूचना सीधे राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एंड एसीबी) तक पहुंचा सकेंगे। इसमें हेल्पलाइन से सीधे संपर्क, फोटो, वीडियो और ऑडियो सहित डिजिटल साक्ष्य अपलोड करने की सुविधा दी गई है।

ऐप की मदद से नागरिक एक टच पर एसवी एंड एसीबी की हेल्पलाइन से जुड़ सकेंगे। इसके अलावा संबंधित जिले के एसीबी अधिकारी का नाम, मोबाइल नंबर, कार्यालय की लोकेशन और वहां पहुंचने का मार्ग भी देखा जा सकेगा। हरियाणा के सभी 23 जिलों को ऐप से जोड़ा गया है।

ऐसी सूचना भी ऐप के माध्यम से साझा की जा सकेगी, जिसमें नागरिक तत्काल कार्रवाई नहीं चाहते। ऐसी सूचनाओं को गोपनीय रखने की व्यवस्था की गई है। जरूरत के अनुसार इनका विश्लेषण और नियमानुसार उपयोग किया जा सकेगा। एसवी एंड एसीबी के किसी अधिकारी या कर्मचारी के व्यवहार से संबंधित शिकायत के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की जानकारी भी ऐप पर उपलब्ध होगी।

ऐप के माध्यम से नियमानुसार उपलब्ध एफआईआर की कॉपी डाउनलोड की जा सकेगी। 'सतर्क-हरियाणा' फिलहाल गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है और जल्द ही एप्पल के ऐप स्टोर पर भी उपलब्ध कराया जाएगा।

एसवी एंड एसीबी प्रमुख डॉ. अरशिन्दर सिंह चावला ने नागरिकों से केवल सही और तथ्यात्मक जानकारी साझा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जानबूझकर गलत, भ्रामक या एआई से तैयार फर्जी सामग्री को वास्तविक सूचना के रूप में अपलोड करने पर नियमानुसार कार्रवाई हो सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित