चंडीगढ़ , अप्रैल 21 -- पंजाब सतर्कता ब्यूरो ने मंगलवार को फरीदकोट जिले के थाना जैतो में तैनात सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) हरपाल सिंह को 33,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

इस संबंध में जानकारी देते हुए सतर्कता ब्यूरो के आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी के खिलाफ यह कार्रवाई जैतो तहसील निवासी एक व्यक्ति की शिकायत के आधार पर की गई। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता के पति और सास के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज था, जिसकी जांच एएसआई हरपाल कर रहा था।

शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी एएसआई ने मामले में मदद करने और पुलिस रिमांड से बचाने के बदले दो लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। बाद में यह सौदा 80,000 रुपये में तय हुआ और आरोपी पहले ही 40,000 रुपये रिश्वत के तौर पर ले चुका था।

प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी ने दूसरी किश्त के रूप में 40,000 रुपये की और मांग की। शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने की पूरी बातचीत रिकॉर्ड कर ली। रिश्वत देने से इनकार करते हुए शिकायतकर्ता ने सतर्कता ब्यूरो, फरीदकोट यूनिट से संपर्क किया। प्रारंभिक जांच के बाद सतर्कता टीम ने जाल बिछाया और दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी एएसआई को 33,500 रुपये रिश्वत लेते हुए आज रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

इस संबंध में आरोपी के खिलाफ सतर्कता थाना फिरोजपुर में मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित