देहरादून , मार्च 25 -- उत्तराखंड पुलिस के सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने बुधवार पूर्वाह्न रुड़की में तैनात महिला एवं बाल कल्याण विभाग की सुपरवाइजर को एक सहायिका से पदोन्नति देने के लिए 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।
सतर्कता प्रवक्ता ने यूनीवार्ता को बताया कि केन्द्र नम्बर 7 भौरी रुड़की, ग्रामीण द्वितीय ने शिकायत दर्ज कराई कि उसके पदोन्नति के लिए सुपरवाईजर, कार्यालय बाल विकास अधिकारी, रुड़की ग्रामीण द्वितीय राखी सैनी 50 हजार रुपए मांग रही है। शिकायत की प्रथमदृष्टया पुष्टि होने के बाद सतर्कता ट्रेप टीम ने शिकायतकर्ता से 50,000 रुपये धनराशि ग्रहण करते हुये आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
प्रवक्ता ने बताया कि इस संबंध में थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल सतर्कता टीम गिरफ्तार सुपरवाइजर के आवासीय ठिकानों की तलाशी ले रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित