पौड़ी , मई 02 -- उत्तराखंड में पौड़ी के सतपुली थाना क्षेत्र अंतर्गत रायपुर गांव स्थित एक पुल पर युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ एवं फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक ने पुल से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। थाना सतपुली पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर मृतक के परिजन और स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद रहे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए और फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की।

पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए राजकीय चिकित्सालय कोटद्वार भेज दिया, जहां डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम किया जा रहा है। मृतक की पहचान पंकज कुमार (20 वर्ष), निवासी रैतपुर, सतपुली के रूप में हुई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने जांच अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार को सौंप दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक दिन पूर्व मृतक युवक ने कथित रूप से शराब के नशे में मोटरसाइकिल चलाते हुए एक स्थानीय चिकित्सक को टक्कर मार दी थी, जिससे चिकित्सक घायल हो गए थे। युवक स्वयं भी इस दौरान चोटिल हुआ था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित