बैतूल , मई 19 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले स्थित सारनी नगर में लंबे समय से आर्थिक सुस्ती का सामना कर रहे क्षेत्र के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मध्य प्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड के सतपुड़ा ताप विद्युत गृह में 660 मेगावाट क्षमता की नई ताप विद्युत इकाई स्थापित किए जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस परियोजना से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होने के साथ ही आर्थिक गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों द्वारा पिछले कई वर्षों से इस परियोजना की मांग की जा रही थी। अब निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्र में श्रमिकों और तकनीकी कर्मचारियों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे स्थानीय व्यापार, परिवहन, किराये के मकान, होटल और अन्य सेवाओं को भी लाभ मिलने लगा है।
जानकारी के अनुसार यह नई इकाई लगभग 11 हजार 700 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित की जा रही है। इसे उन पांच पुरानी इकाइयों के स्थान पर विकसित किया जा रहा है, जिनकी क्षमता 62.5-62.5 मेगावाट थी और जिन्हें पूर्व में निष्क्रिय कर हटाया जा चुका है। इन इकाइयों के हटने के बाद खाली पड़ी भूमि पर आधुनिक तकनीक से युक्त नई इकाई का निर्माण किया जाएगा।
परियोजना से प्रतिदिन लगभग चार हजार से पांच हजार श्रमिकों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने का अनुमान है। इससे न केवल सारनी बल्कि आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को भी रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित