सतना , जुलाई 2 -- मध्यप्रदेश के सतना जिले के बरौंधा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका की कथित शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस और महिला एवं बाल विकास विभाग ने मामले की जांच तेज कर दी है। बालिका के परिजनों ने करीब डेढ़ माह पहले उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार 11 मई 2026 को बालिका के परिजनों ने बरौंधा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 13 वर्षीय पुत्री घर से सामान लेने निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। इसके बाद अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध बहला-फुसलाकर ले जाने का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक मंदिर में बालिका और एक युवक विवाह की रस्में निभाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में दोनों के साथ कुछ अन्य लोग भी मौजूद नजर आ रहे हैं।

महिला एवं बाल विकास विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि बालिका को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। उसके बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

महिला एवं बाल विकास अधिकारी राजीव सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद बरौंधा थाना प्रभारी से चर्चा की गई है। बालिका के बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित