श्रीगंगानगर , जून 24 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर उपखंड क्षेत्र में सतजंडा ग्राम सेवा सहकारी समिति के संचालक मंडल को भंग कर दिया गया है।

आधिकारिक सू्त्रों ने बुधवार को बताया कि उप रजिस्टार सहकारी समितियां श्रीगंगानगर दीपक कुक्कड़ ने मंगलवार को इस संबंध में आदेश जारी किया। संचालक मंडल को भंग करने का मुख्य आधार उसकी निर्धारित पांच वर्ष की कार्यावधि का पूरा होना है। समिति का चुनाव एक जून 2018 को संपन्न हुआ था। इसके साथ ही सहकारी निरीक्षक मुकेश कुमार मीणा को सतजंडा ग्राम सेवा सहकारी समिति का प्रशासक नियुक्त किया गया है।

पिछले कई महीनों से इस समिति में संचालक मंडल और व्यवस्थापक पवनकुमार कड़वासरा के बीच गंभीर विवाद चल रहा था। संचालक मंडल ने पवनकुमार कड़वासरा को निलंबित करके भादवावाला ग्राम सेवा सहकारी समिति के व्यवस्थापक पवनकुमार मंडा को अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया था। व्यवस्थापक की आईडी बनाने को लेकर भी दोनों पक्षों में तीखा विवाद था।

इस अस्थिरता के कारण समिति की ऋण वसूली बुरी तरह प्रभावित हो रही थी और 230 से अधिक सदस्यों के ऋण अवधि पार होने की आशंका बढ़ गयी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित