भोपाल , जुलाई 6 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भोपाल के सतगढ़ी क्षेत्र में विकसित होने वाला स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क और कन्वेंशन सेंटर प्रदेश के औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनेगा तथा इससे 15 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा।

डॉ. यादव ने आज डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर कोलार क्षेत्र स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट औद्योगिक क्षेत्र के भूमिपूजन एवं शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सतगढ़ी क्षेत्र औद्योगिक विकास की दिशा में मंदिर के समान होगा। उन्होंने कहा कि सरकार खेत से कारखाने और उद्योग को बाजार से जोड़ने का कार्य कर रही है, जिससे किसानों की आय बढ़ेगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इसी माह समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। सभी धर्म और समुदायों के सुझाव लेने के बाद तैयार की गई व्यवस्था का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों के लिए समान कानून सुनिश्चित करना है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सतगढ़ी में लगभग 70 हेक्टेयर क्षेत्र में आधुनिक औद्योगिक टाउनशिप विकसित की जाएगी। यहां 25 एकड़ क्षेत्र में 10 हजार क्षमता वाला प्रदेश का सबसे बड़ा कन्वेंशन सेंटर भी बनाया जाएगा। पार्क में प्लग एंड प्ले सुविधाएं, लॉजिस्टिक्स एवं कॉमर्शियल हब, आवासीय सुविधाएं, स्मार्ट कमांड एंड कंट्रोल सेंटर तथा पर्यावरण अनुकूल अधोसंरचना विकसित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि भोपाल में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2025 में प्राप्त 30 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों में से 10 लाख करोड़ रुपये के निवेश पर कार्य शुरू हो चुका है। किसान कल्याण वर्ष में अब तक 86 हजार करोड़ रुपये के निवेश संबंधी एमओयू पर हस्ताक्षर हुए हैं।

डॉ. यादव ने कहा कि अमेरिका, जापान, ब्रिटेन, कनाडा और दक्षिण कोरिया सहित विभिन्न देशों से प्रदेश को लगभग 10 हजार करोड़ रुपये का विदेशी निवेश प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री स्थल का पुनर्विकास कर वहां स्मारक और अस्पताल बनाया जाएगा।

औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के प्रमुख सचिव राघवेंद्र सिंह ने बताया कि सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप आधुनिक औद्योगिक अधोसंरचना का उत्कृष्ट उदाहरण होगी। इसमें निवेश, नवाचार और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित