श्रीगंगानगर , मई 19 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के गजसिंहपुर और जैतसर थाना क्षेत्र में कल देर शाम दो सड़क दुर्घटनाओं में दो किशोरों सहित तीन व्यक्तियों की मौत हो गई जबकि एक महिला सहित दो घायल हो गए।

गजसिंहपुर की थाना प्रभारी शालू बिश्नोई ने मंगलवार को बताया कि चक 20-बीबी से चक 3-जेजे खिचियां लिंक मार्ग पर एक स्कूटी और मोटरसाइकिल में आमने-सामने की टक्कर से स्कूटी पर सवार संजय (35) और उसकी बहन के साथ ही मोटरसाइकिल सवार बच्चनसिंह (17) घायल हो गए। तीनों को निकटवर्ती सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बच्चनसिंह और संजय को श्रीगंगानगर भेज दिया गया। बच्चन सिंह की श्रीगंगानगर के एक निजी अस्पताल में और संजय की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

एक अन्य घटना में जैतसर थाना क्षेत्र में कल देर शाम को दो मोटरसाइकिलें आमने-सामने से टकरा गईं। इससे सन्नी धाणक (17) और दूसरे मोटरसाइकिल का चालक नारायणसिंह घायल हो गये। दोनों को जैतसर के सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद श्रीगंगानगर भेज दिया गया। सन्नी की देर रात श्रीगंगानगर के एक अस्पताल में मौत हो गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित