मुरैना , सितंबर 26 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के सरायछोला थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिकरौदा नहर के पास शनिवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक तेज रफ्तार कंटेनर की टक्कर से स्कूटी सवार अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
पुलिस के अनुसार, आशीष राणा (50) निवासी भूरिया गंज आगरा पत्नी प्रवेश राणा के साथ स्कूटी पर सवार होकर मुरैना से आगरा की ओर जा रहे थे। जब वे सरायछोला थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित सिकरौदा नहर के समीप पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी स्कूटी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि आशीष राणा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनकी पत्नी प्रवेश राणा को गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल महिला को मुरैना जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सरायछोला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कंटेनर को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसे की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित