मुंबई , जुलाई 13 -- महाराष्ट्र सरकार ने पुणे जिले में सोमवार को एक सड़क दुर्घटना में मृत तीर्थयात्रियों के परिजनों को पांच-पांच लाख रूपये सहायता राशि देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दुर्घटना का संज्ञान लिया और मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता दिये जाने तथा सभी घायल तीर्थयात्रियों के इलाज का खर्च पूरी तरह से राज्य सरकार की ओर से उठाए जाने की घोषणा की।

महाराष्ट्र की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपरा में वार्षिक वारी तीर्थयात्रा के महत्व पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वारकरियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पूरे वारी मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणालियों को मजबूत करने के निर्देश जारी किये गये हैं।

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी इस दुखद घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और मृत तीर्थयात्रियों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी प्रार्थना की।

गौरतलब है कि पुणे जिले में जेजुरी के निकट सासवड-जेजुरी मार्ग पर एक ट्रक ने महिला तीर्थयात्रियों को टक्कर मार दी, जिससे तीन महिलाओं की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित