बैतूल , मई 14 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में मुलताई-छिंदवाड़ा हाईवे पर बुधवार को हुए सड़क हादसे में बैतूल पुलिस विभाग में पदस्थ महिला आरक्षक मोनिका पटेल की मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार दुनावा निवासी 33 वर्षीय मोनिका पटेल अपनी कार से मुलताई की ओर जा रही थीं। खैरवानी गांव के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और पलट गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि मोनिका पटेल की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के समय वाहन में 13 वर्षीय दिव्या पटेल और पांच वर्षीय काव्या पटेल भी सवार थीं। दोनों बच्चियों को गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने राहत कार्य कर दोनों को मुलताई के शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से परिजन उन्हें बेहतर उपचार के लिए नागपुर ले गए।
सूत्रों के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
मोनिका पटेल बैतूल पुलिस विभाग में पदस्थ थीं। उनकी आकस्मिक मृत्यु की सूचना मिलते ही परिजन, सहकर्मी और पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित