मैनपुरी , अप्रैल 4 -- उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जनपद में शनिवार को हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि कुर्रा थाना क्षेत्र के नगला कुआं गांव निवासी शैलेंद्र अपने साथी अरुण के साथ दिल्ली से बाइक द्वारा अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कुरावली थाना क्षेत्र में एटा-इंदर बाईपास के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि शैलेंद्र की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि अरुण गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर थाना प्रभारी ललित भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने बताया कि परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है तथा हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आशंका है कि किसी भारी वाहन ने बाइक को टक्कर मारी है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित