फर्रुखाबाद , जून 19 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के मेरापुर क्षेत्र में सड़क पर मक्का सुखाने को लेकर हुए विवाद में एक बुजुर्ग महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि नगला खरैना गांव निवासी चमेली देवी (65) सड़क पर प्लास्टिक की पन्नी बिछाकर मक्का सुखा रही थीं। इसी दौरान गांव का एक ट्रैक्टर मक्का के ऊपर से गुजर गया, जिससे पन्नी फट गई और कुछ मक्का भी क्षतिग्रस्त हो गई। इसका विरोध करने पर चमेली देवी और उनके पति केदारपाल का गांव के कुछ लोगों से विवाद हो गया। आरोप है कि प्रमोद और मुकेश नामक ग्रामीणों ने केदारपाल के साथ मारपीट की थी। बाद में इस मामले में समझौता हो गया था।
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार देर रात चमेली देवी अपने पति के साथ सूखी हुई मक्का को बोरी में भरने पहुंचीं। इसी दौरान फिर विवाद हो गया और कुछ लोगों ने कथित रूप से चमेली देवी की पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद मेरापुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल फतेहगढ़ भेज दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना में शामिल आरोपियों की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित