भरतपुर , सितम्बर 28 -- राजस्थान में भरतपुर जिले के बयाना के बंध बारैठा क्षेत्र में रविवारको देर रात चौकी के सामने सड़क पर घूमते एक तेंदुए को देखकर वाहन चालकों एवं राहगीरों में हड़कंप मच गया और कुछ देर के लिए आवागमन थम गया।
वन विभाग के सूत्रों ने सोमवार को बताया कि वहां से गुजर रहे वाहन चालकों ने तेंदुए का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसी बीच तेंदुआ जंगल में घुसकर आंखों से ओझल हो गया।
सूत्रों ने बताया कि बंध बारैठा क्षेत्र में वन्य जीव जनगणना के दौरान छह तेंदुए पाये गये थे। ये अक्सर इस क्षेत्र में घूमते हुए लोगों को नजर आ जाते हैं और कभी-कभी सड़क की तरफ भी आ जाते हैं। बंध बारैठा में तेंदुए का एक पूरा परिवार रहता है। इसी क्षेत्र में कूनो से एक चीता भी आया था। वह कई दिन तक यहां रहा था। इसके बाद उसे वापस कूनो ले जाया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित