भरतपुर , सितम्बर 22 -- राजस्थान में भरतपुर के बयाना से निर्दलीय विधायक ऋतु बनावत द्वारा रूपवास में पीडब्ल्यूडी कार्यालय पर मंगलवार दोपहर ग्रामीणों के साथ शुरू किया धरना देर रात भी जारी रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र में जटमासी से रूपवास के बीच सड़क नहीं बनने से आक्रोशित विधायक एवं ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक संबंधित कंपनी का ब्लैक लिस्ट का आदेश उनके हाथ में नहीं आ जाता, तब तक वह धरना ख़त्म नहीं करेंगे।
उल्लेखनीय है कि जटमासी से रूपवास के बीच 17 किलोमीटर की 11 करोड़ 44 हजार रुपए की लागत वाली इस सड़क को जून 2026 तक बनाया जाना था। विभाग ने ठेकेदार को टेंडर तो दे दिया, लेकिन ठेकेदार ने काम शुरू ही नहीं किया।
बताया गया कि इस पूरी सड़क पर गड्ढे हैं। इनमें रोजाना वाहन फंस रहे हैं। कई बार दुपहिया चलाने वाले सवार गिरकर घायल हो चुके हैं। आज भी कुछ वाहन इन गड्ढों में फंस गए थे। जिन्हें क्रेन की मदद से निकालना पड़ा।
इससे पूर्व जटमासी गांव के नाराज ग्रामीण रूपवास पहुंचे और उपखण्डाधिकारी कार्यालय से पीडब्ल्यूडी कार्यालय तक रैली निकाली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित