चंडीगढ़ , अगस्त 08 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नागरिकों के लिए सुरक्षित, सुगम और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण, चौड़ीकरण और मरम्मत के सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं तथा गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न हो।

मुख्यमंत्री श्री सैनी ने हरियाणा निवास में 10 प्रमुख विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में वर्ष 2025-26 की सड़क परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने 'हमारी सड़क' मोबाइल ऐप पर दर्ज गड्ढों और क्षतिग्रस्त सड़कों की शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए। मरम्मत की कार्रवाई की रिपोर्ट भी ऐप पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने को कहा। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी।

मुख्यमंत्री ने राज्य की सभी सड़कों की मैपिंग कर उनकी स्थिति और रखरखाव का रिकॉर्ड तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय सीमा में कार्य पूरा नहीं करने वाले ठेकेदारों पर जुर्माना लगाया जाएगा। गुणवत्ता से समझौता करने पर एफआईआर दर्ज करने के साथ ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।

रेलवे से प्रभावित और लंबित सड़क परियोजनाओं की सूची तैयार कर रेलवे अधिकारियों के साथ समन्वय बढ़ाने तथा आरओबी और अंडरब्रिज निर्माण में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। औद्योगिक क्षेत्रों में उच्च गुणवत्ता वाली सड़कों को जरूरी बताते हुए उन्होंने कहा कि बेहतर बुनियादी ढांचे से निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिटुमेन की आपूर्ति में देरी होने पर सड़क निर्माण कार्य नहीं रुकना चाहिए। जरूरत पड़ने पर सीमेंट कंक्रीट तकनीक का इस्तेमाल किया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित