चंडीगढ़ , अप्रैल 18 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य में सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर चिंता जताते हुए कहा कि विभिन्न स्थानों पर निर्माण में भिन्नता पाई जा रही है।

श्री सैनी ने सभी संबंधित विभागों को लोक निर्माण विभाग (बी एंड आर) द्वारा निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिये। साथ ही स्पष्ट किया कि मानसून शुरू होने से पहले सभी चल रहे निर्माण और मरम्मत कार्य हर हाल में पूरे किये जायें।

शहरी क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विभागीय जिम्मेदारियों को लेकर जो अस्पष्टता बनी हुई है, उसे शीघ्र दूर किया जाना चाहिए। इस समस्या के समाधान के लिए अधिकारियों की एक समिति गठित करने के निर्देश भी दिये गये हैं, ताकि कार्यों में तालमेल और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने शहरी क्षेत्रों के समग्र विकास पर जोर देते हुए चुनिंदा स्थानों पर स्मार्ट सड़कों के निर्माण की भी सलाह दी। उनका कहना था कि इससे न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि शहरों की सुंदरता और नागरिकों की सुविधाओं में भी वृद्धि होगी।

बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल, ए.के. सिंह, विजयेंद्र कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित