शामली , सितंबर 19 -- शामली शहर के बुढ़ाना रोड स्थित कौशांबी विहार में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए नगर पालिका द्वारा सड़क निर्माण कराए जाने के निर्णय का विरोध करना एक सभासद को भारी पड़ गया। सड़क निर्माण के विरोध को लेकर नगर पालिका कार्यालय में सभासद और मोहल्लेवासियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। आरोप है कि इसके बाद कुछ महिलाओं ने सभासद के साथ धक्कामुक्की और मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। जानकारी के अनुसार बुढ़ाना रोड पर सरस्वती शिशु मंदिर के निकट स्थित कौशांबी विहार में पिछले करीब दो वर्षों से जलभराव की समस्या बनी हुई है। इसके कारण मोहल्लेवासियों और स्कूल जाने वाले बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार शिकायतों के बाद नगर पालिका कर्मचारियों ने पंप के जरिए पानी निकालना शुरू किया था। इसके साथ ही पालिका ने जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए मोहल्ले की सड़क बनवाने का निर्णय लिया।

नगर पालिका का ठेकेदार मौके पर पहुंचा और मोहल्लेवासियों को बताया कि सड़क बनने से जलभराव की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी। पालिका कर्मचारियों ने संबंधित वार्ड के सभासद को भी मौके पर बुलाया। मोहल्लेवासियों का आरोप है कि सभासद ने सड़क निर्माण का विरोध किया, जिसके बाद वे नगर पालिका कार्यालय पहुंच गए और जल्द सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की।

आरोप है कि नगर पालिका कार्यालय में भी सभासद ने सड़क निर्माण का विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। इसी दौरान नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद संगल भी मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी बीच कुछ महिलाओं ने सभासद के साथ मारपीट शुरू कर दी।

महिलाएं सभासद को पकड़कर कोतवाली ले गईं और पुलिस के हवाले कर दिया। महिलाओं ने सभासद और उसके साथियों पर अभद्रता करने, धमकी देने और हाथापाई करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। उनका आरोप है कि सभासद मोहल्ले में होने वाले विकास कार्यों में लगातार बाधा उत्पन्न करते हैं। महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि विवाद के दौरान सभासद ने उनके साथ अभद्रता की, बाल खींचे और हाथापाई की। विरोध करने पर सभासद वहां से भागने लगा, लेकिन महिलाओं ने पीछा कर उसे पकड़ लिया, जबकि उसके अन्य साथी मौके से चले गए।

सभासद ने महिलाओं के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष के इशारे पर उनके साथ यह घटना कराई गई है। उन्होंने कहा कि उन्होंने किसी महिला या मोहल्लेवासी के साथ अभद्रता अथवा धमकी नहीं दी।

पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। तहरीर और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित