पटना , अप्रैल 25 -- थ निर्माण विभाग की सड़कों के निर्माण में अब नदी-नहर, तालाब, पोखर आदि जलाशयों के गाद (सिल्ट) का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे एक तरफ जहां कृषि उपजाऊ क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित होगी वहीं दूसरी ओर जलाशयों की धारण क्षमता भी बढ़ेगी।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार सड़क निर्माण की कई परियोजनाओं में जलाशयों के गाद का इस्तेमाल करने की प्रक्रिया शुरू भी कर दी गई है।
पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने हाल ही में संपन्न विभागीय बैठक में नदी तल एवं नहर चैनलों से निकाले गए डी-सिल्टेड सामग्री के प्रभावी उपयोग के लिए संबंधित मुख्य अभियंता (सीई) को जिला स्तर पर समन्वय स्थापित कर समिति के साथ आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही जल संसाधन विभाग से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) प्राप्त कर कार्यों को शीघ्र गति प्रदान करने के लिए कहा है।
सचिव श्री पाल ने बताया कि सड़कों के निर्माण में डी-सिल्टेड सामग्री के इस्तेमाल से कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं में निर्माण कार्य को तेजी मिलने की संभावना है। उन्होंने बताया कि पटना में किमी 00 से 06 तक समग्र उद्यान, दीघा से सभ्यता द्वार और भद्र घाट से दीदारगंज (किमी 0.00 से 8.50) तक के कार्यों में डी-सिल्टेड सामग्री का उपयोग किया जाएगा। इससे निर्माण कार्यों में तेजी आएगी। इसी के साथ नालंदा जिले में सलेपुर से राजगीर (एनएच-82) तक 27.180 किमी लंबाई में 4-लेन ग्रीनफील्ड पर्यटक मार्ग (बौद्ध सर्किट) में भी इस सामग्री के उपयोग से कार्य में प्रगति आएगी।
श्री पाल ने बताया कि बक्सर जिले में चौसा-बक्सर बाईपास (एनएच-319) के 4-लेनिंग कार्य और दरभंगा जिले में बलभद्रपुर से बेला नवादा (एनएच-119 डी) तक 4-लेन एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड राष्ट्रीय राजमार्ग (भारतमाला परियोजना अंतर्गत) सहित अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं में भी इस पहल से गति आने की संभावना है। अमस-दरभंगा कॉरिडोर (पैकेज-4) जैसी प्रमुख परियोजनाएं भी इससे लाभान्वित होंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित