बैतूल , मई 29 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में सड़क दुर्घटना में घायल हुए दो युवकों की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। दोनों युवक मजदूरी कर अपने परिवारों का भरण-पोषण कर रहे थे।

पुलिस सूत्रों के अनुसार बैतूल बाजार थाना क्षेत्र में सोहागपुर के पास एक बाइक दुर्घटना में जामठी निवासी साजन धुर्वे (20) और जुना वाणी निवासी रवि धुर्वे (27) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। राहगीरों ने दोनों को एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया था।

उपचार के दौरान गुरुवार रात रवि धुर्वे की मृत्यु हो गई, जबकि शुक्रवार तड़के साजन धुर्वे ने भी दम तोड़ दिया। बैतूल बाजार पुलिस ने आज दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार दोनों युवक घनिष्ठ मित्र थे और लंबे समय से साथ रहकर मजदूरी करते थे। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण दोनों ने पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी थी। वे खेती और मजदूरी कर परिवारों की मदद करते थे तथा काम की तलाश में अक्सर गुजरात भी जाते थे। कुछ दिन पहले ही दोनों गुजरात से लौटे थे।

साजन धुर्वे अपने पीछे माता-पिता, एक छोटा भाई और एक बहन को छोड़ गए हैं। वहीं रवि धुर्वे के परिवार में माता-पिता, दो भाई और एक बहन हैं। हादसे के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है।

इस बीच जिले के एक अन्य मामले में एक महिला द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन किए जाने की सूचना मिली है। महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित