भिण्ड , जुलाई 08 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के निवासी भारतीय सेना के जवान अरविंद वर्मा का सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद उपचार के दौरान निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर मंगलवार को पैतृक गांव पहुंचने पर सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

परिजनों के अनुसार 34 वर्षीय अरविंद वर्मा करीब 14 वर्षों से भारतीय सेना में कार्यरत थे। वह अवकाश पर अपने गांव आए हुए थे। इसी दौरान ग्वालियर जाते समय राष्ट्रीय राजमार्ग-719 पर उनकी मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद उन्हें पहले ग्वालियर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में बेहतर उपचार के लिए दिल्ली रेफर किया गया, जहां छह जुलाई को उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। मंगलवार को उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव उदोतपुरा पहुंचा, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों, परिजनों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सेना के जवानों ने दिवंगत सैनिक को गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम सैन्य सम्मान प्रदान किया। दिवंगत जवान अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित