भिण्ड , जून 24 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के गोहद क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में घायल एक युवक की उपचार के दौरान मृत्यु होने के बाद परिजनों और समर्थकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर घटना को साजिशन हत्या बताते हुए हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की।

पुलिस सूत्रों के अनुसार गोहद चौराहा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-719 पर राय की पाली गांव के समीप सोमवार को हुई सड़क दुर्घटना में 31 वर्षीय सचिन सिंह तोमर गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे उपचार के लिए ग्वालियर भेजा गया, जहां मंगलवार को उसकी मृत्यु हो गई।

पोस्टमार्टम के बाद शव गोहद पहुंचने पर परिजन, रिश्तेदार और समर्थक बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए। उन्होंने भिण्ड-ग्वालियर मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया और मामले में हत्या की धाराएं जोड़ने की मांग की।

जानकारी के अनुसार सचिन तोमर प्रॉपर्टी व्यवसाय से जुड़ा था। दुर्घटना के समय वह इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन से गोहद चौराहा की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक बोलेरो वाहन ने उसे टक्कर मार दी। दुर्घटना में बोलेरो में सवार कुछ लोगों के घायल होने की भी सूचना है।

परिजनों का आरोप है कि बोलेरो में सवार लोग मृतक के परिचित और कारोबारी साझेदार थे तथा उनका आपसी विवाद चल रहा था। इसी कारण उन्होंने घटना को सामान्य सड़क दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए निष्पक्ष जांच और हत्या का प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।

मृतक अपने परिवार का इकलौता पुत्र बताया गया है। उसके पिता गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। समझाइश के बाद स्थिति नियंत्रित की गई।

चौराहा थाना प्रभारी रामनरेश यादव ने बताया कि प्रारंभ में सड़क दुर्घटना का मामला दर्ज किया गया था। परिजनों की ओर से हत्या की धाराएं जोड़ने की मांग की गई है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित