आगर-मालवा , अप्रैल 20 -- मध्यप्रदेश के आगर-मालवा जिले में बीती रात राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, वहीं आज सोमवार सुबह एक पेड़ पर अज्ञात शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार उज्जैन-झालावाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 552-जी पर बुरहानी हार्डवेयर के पास एक अज्ञात वाहन ने पैदल जा रहे अजय पिता रमेशचन्द्र गवली (45) निवासी ग्राम केसूर, जिला धार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतक पेशे से चालक था और एक विवाह समारोह में शामिल होने आगर-मालवा आया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है तथा अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।

इसी बीच सोमवार सुबह जिला मुख्यालय से करीब तीन किलोमीटर दूर बाबा बैजनाथ महादेव मंदिर के पीछे ग्राम कसाई देहरिया मार्ग पर एक बरगद के पेड़ पर साधु वेशधारी अज्ञात व्यक्ति का शव लटका मिला। राहगीरों की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को उतारकर जिला अस्पताल भिजवाया।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मामला आत्महत्या का है या हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाया गया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं पर जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित